छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने लगा है और इसके साथ ही प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
गर्मी से मिली राहत, कई जिलों में तेज बारिश शुरू
रविवार शाम से ही रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, भिलाई, बिलासपुर, पेंड्रा-रोड और अंबिकापुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली।
READ MORE : CG में भीषण सड़क हादसा : नशे में धुत चालक ने ली चार लोगों की जान, फिर बोला – “कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता”
मानसून बस्तर से हुआ सक्रिय, जल्द पहुंचेगा मध्य जिलों तक
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून बस्तर क्षेत्र से सक्रिय हो चुका है और 18–19 जून तक यह रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में पूरी तरह फैल सकता है। रविवार को राजनांदगांव सबसे गर्म (39°C) रहा, जबकि दुर्ग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.6°C दर्ज किया गया।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार गरियाबंद, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, सक्ती और जांजगीर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में इतनी हुई बारिश
- दंतेवाड़ा – 50 मिमी
- बिलासपुर, कोंडागांव – 30 मिमी
- अमलीपदर, धरसींवा – 20 मिमी
- कुंडा, बंगला देवरी, सरायपाली, बोड़ला – 10 मिमी
बिलासपुर में वज्रपात से मासूम की मौत
रविवार को बिलासपुर के सिरगिट्टी इलाके के बनक चौक में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय अभिषेक ध्रुव की मौत हो गई। घटना के समय वह अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। बारिश शुरू होने पर अन्य बच्चे छांव में भागे, लेकिन अभिषेक एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, जहां बिजली गिर गई। पास में खड़े दो अन्य बच्चे भी मामूली रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।




