स्कूल में राधे राधे बोलने पर मासूम की पिटाई,स्कूल के प्रिंसिपल पर FIR दर्ज…

रायपुर/प्रविंस मनहर – दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र में स्थित मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्रिंसिपल के खिलाफ एक तीन साल की बच्ची की पिटाई करने का आरोप लगा है। बच्ची के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को स्कूल में “राधे-राधे” कहने पर प्रिंसिपल के द्वारा पीटा गया और उसके मुंह पर टेप लगा दिया। माता-पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने प्रिंसिपल ईला ईवन कौलविन के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। यह घटना बुधवार,30 जुलाई 2025 की है। बागडूमर निवासी प्रवीण यादव ने पुलिस को से शिकायत किया की उनकी साढ़े तीन साल की बेटी गर्विता यादव नर्सरी कक्षा में पढ़ती है। बुधवार को जब वह स्कूल से लौटी तो उसने बताया कि प्रार्थना के समय “राधे-राधे” कहने पर प्रिंसिपल ने उसे डांटा और उसके मुंह पर टेप लगा दिया। बच्ची के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की कलाई पर चोट के निशान भी थे।बच्ची की बात सुनकर और हाथों पर निशान देखकर माता-पिता हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत बजरंग दल के सदस्यों के साथ नंदनी थाने पहुंचकर प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 299 और किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नंदनी पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।




