Ram Mandir Donation Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी की बढ़ी मुश्किलें, संपत्ति पर प्रशासन की नजर, पत्नी को भेजा नोटिस

अयोध्या। Ram Mandir Donation Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी लवकुश मिश्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब उसके निर्माणाधीन मकान को लेकर भी प्रशासन सक्रिय हो गया है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने निर्माण नियमों के उल्लंघन के आरोप में उसकी पत्नी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
जानकारी के अनुसार, लवकुश मिश्रा ने पिछले वर्ष अक्टूबर 2025 में सोहावल तहसील क्षेत्र में एक भूखंड अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर खरीदा था। इसी जमीन पर मकान का निर्माण कराया जा रहा है। हाल ही में प्राधिकरण की टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया, जिसमें भवन निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
एक सप्ताह में मांगा जवाब
प्राधिकरण ने नोटिस जारी कर निर्माण से संबंधित सभी दस्तावेज, विशेष रूप से स्वीकृत भवन नक्शा, एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यदि तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब या आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए, तो अवैध निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर भवन को ध्वस्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।
संपत्ति भी जांच के दायरे में
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह जमीन लवकुश मिश्रा ने राम मंदिर में कार्यरत रहने के दौरान खरीदी थी। रजिस्ट्री में भूमि की कीमत 8.80 लाख रुपये दर्ज है, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 25 लाख रुपये बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां अब इस संपत्ति के वित्तीय स्रोतों की भी पड़ताल कर रही हैं।
एसआईटी कर रही पूरे मामले की जांच
Ram Mandir Donation Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक लवकुश मिश्रा समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) कर रहा है। जांच के दायरे में आरोपियों की संपत्तियां, वित्तीय लेनदेन और अन्य दस्तावेज भी शामिल किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध निर्माण की पुष्टि होती है, तो संबंधित नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।




