Monsoon Session 2026: विष्णुदेव सरकार ने जीता सदन का विश्वास, सीएम समेत सत्ता पक्ष के आक्रामक तेवर के सामने कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त
रायपुर। Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा में विष्णुदेव साय सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है । सरकार के ख़िलाफ़ कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर लगातार लगभग चौदह घंटे तक चली चर्चा के बाद विष्णुदेव साय सरकार ने सदन में विश्वास हासिल किया और कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने पूरे आत्म विश्वास से लबरेज होकर कांग्रेस को करारा जवाब दिया और कांग्रेस के आरोप पत्र को दमखम विहीन झूठ का पुलिंदा करार दिया।
सीएम ने कहा कि सत्ता पक्ष की ओर से मंत्रियों और विधायकों ने कांग्रेस को अच्छे से धो दिया है । सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोगों को झूठ बोलने में पीएचडी दे दिया जाता अगर झूठ बोलने में पीएचडी का प्रावधान होता । सीएम ने काँग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव को केवल औपचारिकता करार देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में तो कहा जाता था कि “ऐसा कोई सगा नहीं जिसे कांग्रेस और भूपेश बघेल ने ठगा नहीं ।”
सीएम ने कहा कि पिछली सरकार में तो राजा और महाराजा के ढाई ढाई साल के चक्कर में छत्तीसगढ़ के विकास को खत्म कर दिया ।
सीएम विष्णुदेव साय ने उम्मीद से बहुत आगे बढ़कर कांग्रेस पार्टी पर आक्रामक तरीके से हमला किया और अपने सरकार की उपलब्धियों को गिनाया । विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत शुक्रवार को दोपहर करीब सबा बारह बजे शुरू हुई जो रात करीब तीन बजे समाप्त हुआ ।
इससे पहले अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरण दास महंत ने राज्य की विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ 136 आरोपों के साथ आरोप पत्र पेश करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए । चर्चा का जवाब देते हुए सत्ता पक्ष की ओर से पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया और विगत ढाई साल में विष्णुदेव साय सरकार की उपलब्धियों को गिनाया ।
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष के अतिरिक्त पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री कवासी लकमा, विधायक संगीता सिन्हा, सावित्री मंडावी, राघवेंद्र कुमार सिंह, दलेश्वर साहू आदि विधायकों ने सरकार की आलोचना करते हुए सरकार के खिलाफ अविश्वास व्यक्त किया ।
Monsoon Session 2026: दूसरी तरफ़ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में बोलते हुए सत्ता पक्ष की ओर से डिप्टी सीएम अरुण साव व विजय शर्मा, मंत्री राम विचार नेताम, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, विधायक किरण सिंहदेव, धरम लाल कौशिक,धर्मजीत सिंह ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस का आक्रामक तरीके से जवाब दिया और सरकार की उपलब्धियां गिनाईं ।




