
रायपुर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को नवा रायपुर में नक्सली हमले में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरिपुंजे के परिजनों से भेंट कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद की वीरता और बलिदान को राष्ट्र के लिए अविस्मरणीय बताया और कहा कि देश हमेशा उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा का ऋणी रहेगा।
“शहादत कभी व्यर्थ नहीं जाएगी” – अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि आकाश राव गिरिपुंजे का बलिदान प्रेरणा का स्रोत है और उनकी शहादत राष्ट्र के लिए अमूल्य योगदान है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर कदम पर उनके साथ है और शहीदों के परिवारों को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने भी शहीद के परिवार को सांत्वना दी और उनके त्याग को नमन किया।
नक्सलियों के IED हमले में शहीद हुए थे एएसपी
10 जून को नक्सलियों द्वारा भारत बंद के आह्वान से पहले सुकमा के कोंटा क्षेत्र में एक खदान में JCB को आग के हवाले कर दिया गया था। सूचना मिलने पर एएसपी गिरिपुंजे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही वे जली हुई JCB के पास पहुंचे, नक्सलियों ने IED विस्फोट कर दिया, जिसमें गिरिपुंजे सहित तीन पुलिस अधिकारी इसकी चपेट में आ गए। हमले में एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे वीरगति को प्राप्त हुए।
रायपुर के थे निवासी, 2013 बैच के अधिकारी
42 वर्षीय आकाश राव गिरिपुंजे का जन्म 7 फरवरी 1983 को रायपुर में हुआ था। वे 2013 बैच के पुलिस अधिकारी थे। उनके परिवार में पिता गोविंद राव, माता मंदा गिरिपुंजे, पत्नी स्नेहा गिरिपुंजे, बेटा सिद्धांत और बेटी पीहू गिरिपुंजे हैं।
अब तक वे चंद्रशेखर आज़ाद पुलिस अकादमी चंदखुरी, रायपुर, कांकेर, राजनांदगांव, मानपुर, मोहला, दुर्ग, महासमुंद और सुकमा के कोंटा क्षेत्र में सेवा दे चुके थे।




