CG Weather News: प्रदेश में अगले 3 दिनों तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला, गरज-चमक के साथ बरसेंगे बदरा, भारी बारिश का अलर्ट जारी
रायपुर। CG Weather News: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का सिस्टम मजबूत हुआ है। इसके चलते उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आज भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कई जगहों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रायपुर में बारिश से जलभराव
राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शहर के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते कुछ सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में आज बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अगले तीन दिन भी बारिश के आसार
CG Weather News: मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और तेज बारिश व आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। फिलहाल छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का दौर जारी है और आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।




