
वाशिंगटन। अमेरिका में मतदान के दो दिन बाद भी राष्ट्रपति पद की तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। मतगणना के बीच डेमोक्रेट उम्मीदवार जो बाइडन ने 264 निर्वाचक मंडल मतों के साथ निर्णायक बढ़त बना ली है। वहीं, मौजूदा राष्ट्रपति और रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप 214 मतों के साथ व्हाइट हाउस की दौड़ में पिछड़ते दिख रहे हैं। ट्रंप कानूनी लड़ाई के फैसले पर आगे बढ़ गए हैं। दूसरी ओर, उनके समर्थक धांधली का आरोप लगाते हुए कई राज्यों में मतगणना केंद्रों के बाहर जुट गए हैं। समर्थकों ने कई जगह हंगामा और प्रदर्शन किया। वहीं डोनाल्ड ट्रंप उत्तरी कैरोलिना में आगे चल रहे हैं जबकि नेवादा और एरिजोना में बाइडन बढ़त बनाए हुए हैं।
अमेरिका में इस वर्ष हुए राष्ट्रपति चुनाव में करीब 16 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकारों का इस्तेमाल किया जो एक रिकॉर्ड है। चुनाव पर नजर रखने वाली साइट ‘यूएस इलेक्शन प्रोजेक्ट’ के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस वर्ष 23 करोड़ 90 लाख लोग मतदान करने के योग्य थे। उनमें से करीब 16 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
आने वाले सप्ताह में यह संख्या और भी बढ़ने की उम्मीद है। इसके अनुसार तीन नवंबर के चुनाव में रिकॉर्ड 66.9 फीसदी मतदान हुआ, जो वर्ष 1900 के बाद का सर्वाधिक मतदान है। वर्ष 1900 के चुनाव में 73.7 फीसदी मतदान हुआ था।




