Raipur News: NEET पेपर लीक के बाद रायपुर में हाई अलर्ट, कलेक्टर और DCP पहुंचे परीक्षा केंद्र, खामियों पर दिए निर्देश
रायपुर। Raipur News: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी नीट परीक्षा को लेकर राजधानी रायपुर में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सबसे पहले मोवा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने परीक्षा की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को पार्किंग, प्रवेश और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अभिभावकों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग, सुचारु यातायात व्यवस्था और परीक्षा केंद्र तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके बाद कलेक्टर शहीद स्मारक स्वामी आत्मानंद विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Raipur News: उन्होंने जैमर की उपलब्धता की जानकारी ली और फ्रिस्किंग व्यवस्था को पूरी तरह गोपनीय, सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक इंतजाम पूरी मुस्तैदी के साथ किए जाएं। इस निरीक्षण के दौरान डीसीपी मयंक गुर्जर, अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर और डिप्टी कलेक्टर उपेंद्र किंडो सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



