Teachers Day 2026: शिक्षकों के योगदान को सलाम.. सर्व समाज संगठन करेगा उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित
अभनपुर। Teachers Day 2026: आज शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन, रायपुर संभाग के तत्वावधान में अभनपुर विकासखंड के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 5 सितंबर को दोपहर 12 बजे गायत्री मंदिर परिसर, अभनपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा।
सर्व समाज संगठन द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में अभनपुर विकासखंड के ऐसे शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा, जो अपने विद्यालय में पूरी निष्ठा, लगन एवं समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के साथ-साथ शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए संगठन द्वारा यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सर्व समाज संगठन के पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। रायपुर संभाग अध्यक्ष ईश्वर पटेल, रायपुर जिला अध्यक्ष नारायण सोनी, डॉ. सुखदेव साहू, तरुण साहू, हेमलाल ध्रुव, वेदव्यास तारक, यश साहू, देव प्रसाद साहू सहित सर्व समाज संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं।
रायपुर संभाग अध्यक्ष ईश्वर पटेल ने बताया कि सर्व समाज संगठन के बैनर तले शिक्षक-शिक्षिकाओं के सम्मान का यह प्रथम वर्ष है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना पूरे समाज का दायित्व है।
Teachers Day 2026: उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान प्रकट करने का एक छोटा सा प्रयास है। संगठन का उद्देश्य शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान करना है।




