Jammu & Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के 2 श्रमिकों की मौत, पूरे गांव में शोक की लहर, सीएम ने जताया दुख
सक्ती। Jammu & Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार रात हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के एक युवा श्रमिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय दीपक रात्रे के रूप में हुई है, जो सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बुंदेली का निवासी था। वहीं हमले में घायल दूसरे श्रमिक भूपेंद्र कुमार को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया और बाद में सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का कार्य कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। घटना की सूचना मिलते ही दीपक के परिजनों और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया गया कि दीपक रात्रे करीब एक वर्ष पहले अपने परिवार के साथ रोजगार की तलाश में जम्मू-कश्मीर गया था। वहां वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसके साथ उसकी पत्नी और भाई भी काम कर रहे थे। दीपक अपने पीछे पत्नी और एक मासूम बच्चे को छोड़ गया है। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, दीपक ही परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था।
परिजनों ने मांगी आर्थिक सहायता
परिजनों ने बताया कि दीपक बचपन से अपने मामा के गांव हरदीडीह में रहकर पढ़ाई करता था। उसकी शादी भी इसी गांव में हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद जैजैपुर पुलिस हरदीडीह पहुंची और परिजनों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। मृतक के नाना और मामा ने छत्तीसगढ़ सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उनका कहना है कि दीपक की असमय मौत से परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक
Jammu & Kashmir Terror Attack: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए कहा कि,’कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है। अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।’
मृतक दीपक रात्रे
कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है।
घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है। अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित…
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) July 31, 2026




