डेंगू मच्छर लेकर निगम मुख्यालय पहुंचा युवक, अधिकारी को दिखाकर कहा- इसके काटने से हुई थी परिवार के शख्स की मौत
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के कक्ष में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जो स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल खडे कर रहा हैं। जब जोन क्रमांक 5 के अंतर्गत वामन राव लाखे वार्ड के नागरिक विजय सोना ने स्वयं डेंगू जैसे खतरनाक मच्छर को पकड़कर निगम मुख्यालय में लाकर दिखाया। जिस मच्छर के काटने से जान तक जा सकती है, उसे आम नागरिकों का पकड़कर लाना यह साबित करता है कि हालात कितने गंभीर है।
जानकारी के अनुसार, विजय सोना ने बताया कि, उनके घर के आसपास डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की भरमार है। उन्होंने कई बार जोन 5 के अधिकारियों को इसकी सूचना दी, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। स्थिति इतनी भयावह है कि उनके परिवार के एक सदस्य की मौत भी मच्छर के काटने से हो चुकी है।
Raipur News: सोना ने टिल्ली चौक के पास डॉक्टर सोनकर को भी यह मच्छर दिखाया, जहां डॉक्टर ने पुष्टि की कि यह डेंगू जैसी खतरनाक बीमारी फैलाने वाला मच्छर है। सवाल यह है कि जब राजधानी रायपुर में हालात ऐसे हैं, तो पूरे प्रदेश की स्थिति क्या होगी? एक ओर स्वच्छ रायपुर–सुंदर रायपुर के सपने दिखाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य व्यवस्था खुद सवालों के घेरे में है।




