ED RAID : पूर्व CM भूपेश बघेल के PA के घर ED की दबिश,भिलाई में सुबह-सुबह छापेमारी

प्रविंस मनहर/रायपुर – छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की एक और कार्रवाई से सियासी हलचल तेज हो गई है। मंगलवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में उनके निजी सहायक यानी PA रहे के.के. चंद्रवंशी के भिलाई स्थित आवास पर ED की टीम ने दबिश दी है। जानकारी के मुताबिक, ED की टीम सुबह करीब 6 बजे चंद्रवंशी के निवास पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कई अधिकारी घर के अंदर मौजूद हैं और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मौके पर ED की दो से तीन गाड़ियां पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
छापेमारी को देखते हुए घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। ED की टीम द्वारा दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। हालांकि, यह कार्रवाई किस मामले या प्रकरण से जुड़ी हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। के.के. चंद्रवंशी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल के दौरान उनके PA के तौर पर कार्य कर चुके हैं। ऐसे में उनके आवास पर ED की कार्रवाई के बाद प्रदेश की सियासत में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।




