राजधानी में आयकर विभाग का छापा, लोहा कारोबारियों के 40 से 50 ठिकानों पर दी दबिश, देखिए कौन-कौन है निशाने पर
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Incom Tax Raid In Raipur: राजधानी रायपुर में आज सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई ने उद्योग जगत में हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के मुताबिक लोहा कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर आयकर विभाग ने एक साथ दबिश दी है। इस कार्रवाई में शहर के करीब 40 से 50 ठिकाने शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें घर, दफ्तर और प्लांट तक शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, ओम स्पंज, देवी स्पंज और हिंदुस्तान कॉइल के संचालकों के ठिकानों पर आयकर अधिकारियों की टीम जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि, इन उद्योगों से जुड़े कुछ जमीन कारोबारियों के ठिकानों पर भी दबिश की कार्रवाई जारी है। कार्रवाई को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सुरक्षा के मद्देनज़र 100 से अधिक CRPF जवानों को तैनात किया गया है। जवान सभी संवेदनशील पॉइंट्स पर सुरक्षा घेरा बनाए रखे हुए हैं।
Incom Tax Raid In Raipur: आयकर विभाग की टीमें वित्तीय लेनदेन, दस्तावेज़, डिजिटल डेटा और जमीन सौदों से संबंधित रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हैं। कई जगहों पर अधिकारियों ने महत्वपूर्ण फाइलें और हार्ड डिस्क भी जब्त किए हैं। फिलहाल छापा कार्रवाई जारी है और देर शाम तक कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, जबकि कारोबारी जगत में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।




