यहां तेज दुर्गन्ध के बाद बजरंग दल ने रोका ट्रक, जताई गई गौ मांस तस्करी की आशंका, ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत रावाभाठा ट्रांसपोर्ट नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एमपी पासिंग एक ट्रक से संदिग्ध गौमांस ले जाए जाने की आशंका सामने आई। ट्रक से तेज दुर्गंध आने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने ट्रक का पीछा कर उसे रुकवाया। ट्रक के रुकते ही ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। ट्रक के अंदर से लगातार दुर्गंध आ रही थी, जिससे आसपास के लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली।
वहीं सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी ली जा रही है और उसमें रखे सामान की जांच लैब में करवाई जाएगी ताकि स्थिति साफ हो सके।
Raipur News:फिलहाल सभी फरार आरोपियों की तलाश जारी है और ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।मामला अब भी जांच के दायरे में है।




