Raipur Bike Chori: शराब दुकान बनी बाइक चोरों का निशाना, शराब लेकर लौटा तो गायब मिली गाड़ी, ऐसे पकड़ा गया शातिर चोर
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Bike Chori: रायपुर में दोपहिया वाहन चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ओंकार यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई होंडा डियो बाइक बरामद कर ली है, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी राजन चौहान ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि *29 मई 2026* की रात वह गोगांव स्थित शराब दुकान गया था। शराब लेकर लौटने पर उसने देखा कि पार्किंग में खड़ी उसकी दोपहिया वाहन गायब थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गुढ़ियारी थाना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गुढ़ियारी निवासी ओंकार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
Raipur Bike Chori: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई होंडा डियो क्रमांक CG-04-PT-0902 बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। रायपुर पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




