Breaking news
Advertisement
big breakingउत्तरप्रदेशट्रेंडिंग-न्यूज़देशदेश-विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, दबंगों को चेतावनी – गरीबों की जमीन पर कब्जा बख्शा नहीं जाएगा

गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गरीबों और कमजोरों की जमीन पर दबंगों का कब्जा तत्काल हटाया जाए और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इलाज और शिक्षा संबंधी मामलों में भी मुख्यमंत्री ने त्वरित मदद और पारदर्शी निस्तारण के आदेश दिए।

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गरीबों और कमजोरों की जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा न जाए। उन्होंने कहा कि कब्जेदारों से जमीन तत्काल मुक्त कराई जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि सरकार का संकल्प है कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय न हो और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली आए।

गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे। कुर्सियों पर बैठे फरियादियों से उन्होंने एक-एक करके उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 200 लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान कराएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दर्शन में आए प्रत्येक प्रार्थना पत्र का समयबद्ध निस्तारण हो और कोई भी पीड़ित उपेक्षित महसूस न करे।

जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री से शिकायत की कि दबंगों ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। मुख्यमंत्री ने तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करें और जमीन को कब्जामुक्त कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि भविष्य में कोई भी दबंग गरीबों और कमजोरों की जमीन हड़पने की कोशिश न कर सके। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि दबंगई कर किसी को उजाड़ने वाले लोगों पर विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई अनिवार्य है।

इस मौके पर कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित सभी आवश्यक कागजी कार्यवाही और अनुमान तैयार कर शीघ्र शासन को भेजा जाए, ताकि पीड़ितों को तत्काल लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी अधिकारों को लेकर किसी को परेशान न किया जाए।

योगी आदित्यनाथ ने यह भी निर्देश दिया कि राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में किसी तरह की देरी या लापरवाही न हो। सभी प्रकरणों का समाधान पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और उन्हें भरोसा दिलाएं कि सरकार उनके साथ है।

जनता दर्शन में कुछ लोग अपने बच्चों को भी लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनका नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा। बच्चों को अपने हाथों से चॉकलेट दी और पढ़ाई में मन लगाने की सलाह दी। एक महिला जब अपनी बच्ची के साथ आई तो मुख्यमंत्री ने उसे समझाया कि बच्ची का स्कूल में दाखिला जरूर कराओ। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा और सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं।

जनता दर्शन में जनता और मुख्यमंत्री के बीच यह सीधा संवाद लोगों को राहत और भरोसा देने वाला रहा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और बच्चों की भलाई के लिए हर पल प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि न्याय पाना हर नागरिक का हक है और दबंगई या अवैध कब्जा जैसे कृत्यों को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

Advertisement
Tags

Editorjee News

I am admin of Editorjee.com website. It is Hindi news website. It covers all news from India and World. I updates news from Politics analysis, crime reports, sports updates, entertainment gossip, exclusive pictures and articles, live business information .

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close