Bankipur By Election Result 2026: प्रशांत किशोर की मजबूत बढ़त बरकरार, 10वें राउंड तक बीजेपी 6,011 वोटों से पीछे
बांकीपुर। Bankipur By Election Result 2026: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। इस सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को चुनाव हुए थे। चुनाव आयोग के अनुसार, इस सीट पर कुल 31 राउंड में मतों की गिनती होनी है। फिलहाल 10वें राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है, जिसमें प्रशांत किशोर ने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
10वें राउंड के बाद प्रशांत किशोर को 20,059 वोट मिले हैं और वे भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार से 6,011 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी को 14,048 वोट प्राप्त हुए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 3,983 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर चल रही हैं।
इससे पहले भी शुरुआती दौर से ही प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए थे। दूसरे राउंड में वे 1,161 वोटों से आगे थे, चौथे राउंड के बाद उनकी बढ़त 1,145 वोट रही, जबकि सातवें राउंड तक यह अंतर बढ़कर 3,811 वोट हो गया। अब 10वें राउंड तक यह बढ़त 6,011 वोटों तक पहुंच गई है।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र पटना शहर का प्रमुख शहरी इलाका है और लंबे समय से इसे बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। इस सीट का प्रतिनिधित्व पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन करते रहे हैं। ऐसे में इस उपचुनाव को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उधर, मतगणना शुरू होने से पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर काफी उत्साह देखा गया। पार्टी समर्थकों ने संभावित जीत के जश्न की तैयारी करते हुए बड़ी मात्रा में लड्डू भी तैयार कराए थे। हालांकि शुरुआती रुझानों और अब तक की गिनती में जन सुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं।
MP Patwari Strike: आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर प्रदेशभर के पटवारी, कई सेवाएं होंगी प्रभावित
Bankipur By Election Result 2026: बांकीपुर उपचुनाव इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार किसी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बने हैं। अब सभी की नजरें शेष 21 राउंड की मतगणना पर टिकी हैं, जिसके बाद इस प्रतिष्ठित सीट का अंतिम परिणाम सामने आएगा।




