
रायपुर : राजधानी रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान दिल्ली एयरस्पेस में पहुंचते ही धूल भरी तेज आंधी में फंस गया। करीब 200 यात्रियों से भरी यह फ्लाइट एक घंटे तक हवा में चक्कर लगाती रही, जिसके बाद शाम 6 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट रविवार दोपहर रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही विमान दिल्ली-एनसीआर के ऊपर पहुंचा, वहां अचानक 80–85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी आंधी शुरू हो गई। इस दौरान फ्लाइट को तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा और यात्रियों को झटके महसूस हुए।
खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण पायलट को तत्काल लैंडिंग टालनी पड़ी। सूझबूझ दिखाते हुए पायलट ने विमान को आसमान में कई चक्कर लगाते हुए स्थिर रखने की कोशिश की। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से स्थिति सामान्य होने पर क्लियरेंस मिला, जिसके बाद विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि एक घंटे तक हवा में फंसे रहने के कारण यात्री डरे हुए थे, लेकिन कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। एयरलाइंस की ओर से बाद में बताया गया कि पायलट और क्रू ने स्थिति को पूरी जिम्मेदारी और प्रोफेशनलिज्म के साथ हैंडल किया।




