पिता ने जमीन विवाद में बेटे की चाकू घोंपकर हत्या, थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण
बरियारपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर पिता ने अपने 25 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई। आत्मग्लानि से भरकर पिता अगले दिन थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
मुंगेर: मुंगेर के बरियारपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में सोमवार रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। जमीन को लेकर हुए विवाद में पिता ने अपने ही बेटे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद मंगलवार को आरोपी पिता ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, 45 साल के बिंदेश मंडल का अपने 25 वर्षीय बेटे नीतीश कुमार से आए दिन जमीन बंटवारे को लेकर झगड़ा होता था। सोमवार रात बहस के बीच गुस्से में आकर पिता ने चाकू उठाया और बेटे के पेट में घोंप दिया। गंभीर हालत में नीतीश को पहले बरियारपुर पीएचसी, फिर मुंगेर और बाद में भागलपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि पिता-पुत्र दोनों को शराब की लत थी और इसी वजह से घर में अकसर विवाद होता था। मां की पहले ही आत्महत्या हो चुकी है। अब परिवार में सिर्फ 12 साल का छोटा बेटा बचा है।
बरियारपुर थानाध्यक्ष वीरभद्र सिंह ने बताया कि आरोपी पिता बिंदेश मंडल ने खुद थाने आकर पूरी घटना की जानकारी दी और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।




