Fire In Delhi Court: राजधानी के कोर्ट परिसर में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, मौके पर पहुंची दमकल की 8 गाड़ियां
नई दिल्ली। Fire In Delhi Court: राजधानी दिल्ली स्थित कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में रविवार सुबह आग लगने की घटना सामने आई। आग कोर्ट भवन की दूसरी मंजिल पर गेट नंबर-4 के पास बने स्कैनिंग रूम में लगी, जिससे परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:22 बजे दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आठ दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
आग की चपेट में आने से स्कैनिंग रूम में रखे कई लैपटॉप, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग पास स्थित रिकॉर्ड रूम तक नहीं पहुंची, जिससे महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित बच गए। रविवार होने के कारण कोर्ट में अवकाश था और परिसर में लोगों की मौजूदगी बेहद कम थी। इसी वजह से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय अधिवक्ता राजेंद्र पाल के अनुसार आग से कुछ पुराने रिकॉर्ड और कंप्यूटर सिस्टम प्रभावित हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
Fire In Delhi Court: फिलहाल दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां आग लगने की वजहों की पड़ताल में जुटी हुई हैं। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



