
रायपुर: छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता और रायपुर से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें राहुल ने भाजपा पर बिहार में ‘वोट चुराने’ की साजिश रचने का आरोप लगाया था।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि “कांग्रेस को पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक सत्ता में रहते हुए लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ किया है। आज देश का चुनाव आयोग निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से काम करता है, उस पर सवाल उठाना लोकतंत्र का अपमान है।
खड़गे के ‘सीजफायर’ बयान पर भी जताई नाराज़गी
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान की कड़ी आलोचना की जिसमें खड़गे ने भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के लिए अमेरिका को श्रेय दिया था।
बृजमोहन ने कहा, “भारत में रहते हुए, पाकिस्तान और अमेरिका को श्रेय देना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस नेताओं की निष्ठा किस ओर झुकी हुई है।”
हिंदी विवाद पर भी दी प्रतिक्रिया
हाल ही में अभिनेता और नेता पवन कल्याण के उस बयान पर भी बृजमोहन ने टिप्पणी की जिसमें उन्होंने कहा था कि “तेलुगू हमारी मां है और हिंदी मौसी।”
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस विषय पर विवाद नहीं किया जाना चाहिए। हिंदी देश की सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है और यह भारत की एकता का सूत्रधार है।
“हिंदी से देश के नागरिकों में जुड़ाव और विश्वास की भावना मजबूत होती है,” उन्होंने कहा।




