रायपुर : राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से ही रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। छत्तीसगढ़ में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने आज से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है। अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा के भी आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। इस दौरान पेण्ड्रा रोड में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में सबसे कम 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर का मौसम
रायपुर में आज आसमान सामान्यतः मेघाच्छादित रहने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है और यह 23 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।




