सरपंच की गोली मारकर हत्या कर रायपुर में छिपे थे आरोपी,शादी में समारोह में सिर पर मारी थी गोली,अब पुलिस कोर्ट में पेश कर ले जाएगी यहाँ

हिमांशु पटेल/प्रविंस मनहर/रायपुर – पंजाब में सरपंच की हत्या मामले में पंजाब पुलिस ने रायपुर से आरोपी को धर दबोचा है। बता दे पंजाब के तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव से जुड़े सनसनीखेज हत्याकांड में दो आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और ट्रांजिट रिमांड के लिए कार्रवाई जारी है। यह वारदात 4 जनवरी को अमृतसर में एक मैरिज पैलेस में हुई थी। शादी समारोह के दौरान AAP से जुड़े वल्टोहा के सरपंच जरमल सिंह पर पीछे से सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पूरी घटना मैरिज पैलेस में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सरपंच जरमल सिंह पर इससे पहले भी तीन बार हमला हो चुका था, जिसके चलते इस हत्या को साजिशन अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी पंजाब से फरार होकर रायपुर में छिपे हुए थे,जहां से पंजाब पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। फिलहाल पंजाब पुलिस हत्या की साजिश, आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और इस हत्याकांड में शामिल सभी लोगों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।




