नक्सलियों की कायराना करतूत, गला घोंटकर की बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या, शव के पास छोड़ा पर्चा
बीजापुर। Bijapur News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर से एक बार फिर नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आई है। जहां इन माओवादियों ने एक बीजेपी कार्यकर्ता की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मद्देड़ एरिया कमेटी के द्वारा इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। बताया कि जिले के इलमिड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुजालकांकेर गांव में नक्सलियों ने सोमवार रात सत्यम पुनेम की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इस दौरान शव के पास एक पर्चा भी मिला। इस हत्या की जिम्मेदारी नक्सलियों की मद्देड़ एरिया कमेटी ने ली है। जिसमें पुनेम के मुखबिर होने का आरोप लगाया गया है।
Bijapur News: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सत्यम पुनेम क्षेत्र में भाजपा के मंडल कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहा था। अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सत्यम पूनेम की हत्या के बाद परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद जांच शुरू की गई। वहीं नक्सलियों की इस हरकत के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।




