Death To Lightning Strike: आसमान से बरसी आफत, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत, कई घायल
शहडोल। Death To Lightning Strike: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में रविवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग स्थानों पर दर्दनाक हादसे हुए। इन घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में एक 11 वर्षीय बालक भी शामिल है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
धान की रोपाई के दौरान महिला की मौत
पहला हादसा झींक बिजुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम झींक में हुआ। यहां खेत में धान की रोपाई कर रहे लोगों पर अचानक बिजली गिर गई। घटना में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
खेत में काम कर रहे किसान की गई जान
दूसरी घटना दरशिला चौकी क्षेत्र के छुटकी टोला में हुई। खेत में कृषि कार्य कर रहे 45 वर्षीय किसान पर आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य ग्रामीण भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी क्षेत्र के रेकोवा गांव में भी खेत में काम कर रहे दो लोग बिजली गिरने से झुलस गए। दोनों का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घर के बाहर खड़े बच्चे पर गिरी बिजली
तीसरा हादसा जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसरा में हुआ। तेज बारिश के दौरान घर के बाहर खड़े 11 वर्षीय बालक धर्मेंद्र सिंह पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी भाभी भी घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Attack On BJP Office: BJP कार्यालय में हमला, हमलावरों ने फेंके पेट्रोल बम, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शुरू की जांच
Death To Lightning Strike: घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।




