[t4b-ticker]
Advertisement
Uncategorized

Indore News: बिजली कंपनी के ACE पर लोकायुक्त का शिकंजा, 17.12 करोड़ की संपत्ति का खुलासा, परिवार और फर्म के खाते फ्रीज

इंदौर। Indore News: मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के एडिशनल चीफ इंजीनियर (ACE) शिवराम सेमिल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त जांच लगातार आगे बढ़ रही है। अब तक की जांच में सेमिल और उनके परिवार से जुड़ी चल-अचल संपत्तियों का मूल्य बढ़कर करीब 17.12 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। लोकायुक्त यह पता लगाने में जुटी है कि करीब 33 वर्षों की सरकारी सेवा के दौरान इतनी बड़ी संपत्ति कैसे अर्जित की गई। जांच एजेंसी ने मामले को गंभीर मानते हुए ऊर्जा विभाग और बिजली कंपनी को पत्र भेजकर शिवराम सेमिल को वर्तमान पद से हटाने की अनुशंसा भी की है।

Bhilai Road Accident: तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर और पेड़ से टकराई कार, दो युवकों की मौके पर मौत

25 बैंक खाते और लाखों की जमा राशि का खुलासा

लोकायुक्त की पड़ताल में शिवराम सेमिल, उनकी पत्नी, बेटे, बहू और उनसे जुड़ी व्यावसायिक फर्मों के नाम पर 25 बैंक खाते सामने आए हैं। इनमें एसबीआई और आईडीबीआई बैंक के खाते शामिल हैं। जांच के दौरान इन खातों में करीब 62.89 लाख रुपये जमा होने की जानकारी मिली है। साथ ही बेटे सौरभ सेमिल के नाम पर फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) होने का भी पता चला है। जांच में शुभम इलेक्ट्रिकल और कॉर्निश पावरजोन नामक फर्मों से जुड़े बैंक खातों की भी जानकारी मिली है। फिलहाल इन सभी खातों को फ्रीज कर दिया गया है।

मुरैना में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि का पता चला

जांच के दौरान मुरैना जिले में भी परिवार की संपत्तियों का खुलासा हुआ है। यहां लगभग 50 लाख रुपये कीमत का एक मकान मिला है। मकान में रखे घरेलू सामान का मूल्य करीब 7.5 लाख रुपये आंका गया है। इसके अलावा एक प्लॉट और करीब सवा बीघा कृषि भूमि होने की जानकारी भी सामने आई है। इन संपत्तियों के दस्तावेज संबंधित विभागों से जुटाए जा रहे हैं।

आयकर और निवेश की भी हो रही जांच

लोकायुक्त ने आयकर विभाग से शिवराम सेमिल और उनके परिवार के आयकर रिटर्न की जानकारी मांगी है। वहीं, सेबी को भी पत्र भेजकर शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय निवेशों का ब्योरा तलब किया गया है, ताकि संपत्ति के स्रोतों की पूरी जांच की जा सके।

प्रमोशन के कुछ दिन बाद पड़ा था छापा

बताया जा रहा है कि शिवराम सेमिल को हाल ही में पदोन्नति मिली थी। इसके कुछ ही दिनों बाद लोकायुक्त ने इंदौर, पीथमपुर, धार और मुरैना सहित 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। शुरुआती जांच में करीब 14.54 करोड़ रुपये की संपत्ति सामने आई थी, लेकिन दस्तावेजों की जांच आगे बढ़ने के साथ यह आंकड़ा बढ़कर 17.12 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

Surajpur Viral Video: फरिश्ता बना किसान, उफनते नाले के बीच बच्चों को कंधे पर बैठाकर पहुंचाया स्कूल, देखें वीडियो

Indore News:  छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 4 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना और 3 लाख रुपये नकद भी बरामद किए थे। प्रारंभिक जांच में लोकायुक्त का दावा है कि अधिकारी के पास उनकी वैध आय की तुलना में करीब 258 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने के संकेत मिले हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Advertisement
Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close