मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आवेदन प्रक्रिया व ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत की, 250 जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी
बिहार में 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' का शुभारंभ
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने शहरी क्षेत्रों के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च करते हुए आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत की। साथ ही 250 जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो अगले 20 दिनों तक राज्य के विभिन्न इलाकों में इस योजना का प्रचार-प्रसार करेंगे।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। योजना के तहत सितंबर महीने से प्रत्येक परिवार की एक महिला को 10,000 रुपये की पहली किस्त दी जाएगी। इसके बाद उनकी जरूरत के अनुसार 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना का उद्देश्य
इस योजना का मकसद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरे और रोजगार के लिए उन्हें राज्य से बाहर न जाना पड़े।
महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार के प्रयास

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर महिला सशक्तिकरण से जुड़ी अन्य सरकारी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि— पंचायती राज व नगर निकाय चुनावों में 50% आरक्षण महिलाओं को दिया गया है।
पुलिस व सरकारी सेवाओं में 35% आरक्षण लागू है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना पहले से ही लाभान्वित कर रही हैं। जीविका के माध्यम से 1.40 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हुई हैं। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा कई मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




