Social Media Policy 2026: ‘रील बनाओ, पैसे कमाओ’, इस राज्य की सरकार का बड़ा ऐलान, वीडियो बनाकर कर सकते हैं 1 लाख रुपये तक की कमाई, जानें कैसे
पटना। Social Media Policy 2026: बिहार सरकार ने सोशल मीडिया पर सक्रिय क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स के लिए कमाई का नया रास्ता खोल दिया है। सरकार ने बिहार सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन मीडिया नियम, 2026 में बदलाव को मंजूरी दी है। नई व्यवस्था के तहत सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों पर वीडियो बनाने वाले पात्र क्रिएटर्स को उनके कंटेंट की पहुंच और प्रदर्शन के आधार पर भुगतान किया जाएगा।
वीडियो के व्यूज के हिसाब से मिलेगा भुगतान
नई नीति के तहत सरकार की ओर से सूचीबद्ध सोशल मीडिया क्रिएटर्स को वीडियो के प्रदर्शन के आधार पर 10 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 1 लाख रुपये तक का भुगतान मिल सकता है। बताया गया है कि यदि किसी वीडियो को पोस्ट किए जाने के 30 दिन बाद करीब 1 लाख व्यूज मिलते हैं, तो क्रिएटर को 10 हजार रुपये तक की राशि दी जा सकती है। वहीं, वीडियो के 10 लाख व्यूज तक पहुंचने पर अधिकतम 1 लाख रुपये का भुगतान किया जा सकता है।
पहले करना होगा एम्पैनलमेंट
इस योजना का लाभ लेने के लिए क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स का बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से एम्पैनल होना जरूरी होगा। चयनित क्रिएटर्स को सरकार की योजनाओं, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित वीडियो तैयार करने होंगे।
व्यूज और कंटेंट की होगी जांच
सरकार की ओर से भुगतान से पहले वीडियो की गुणवत्ता और उसके प्रदर्शन का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित पात्रता मानकों, संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के नियमों और आधिकारिक व्यूज वेरिफिकेशन प्रक्रिया का पालन करना होगा। निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के बाद ही भुगतान किया जाएगा।
हर वीडियो पर नहीं मिलेगा पैसा
सरकार की इस पहल में एक अहम शर्त यह भी रखी गई है कि बिना विभागीय अनुमति या निर्धारित प्रक्रिया के बनाए गए कंटेंट पर भुगतान का दावा नहीं किया जा सकेगा। यानी क्रिएटर्स को पहले तय नियमों के तहत सूचीबद्ध होना होगा और अधिकृत विषयों पर ही कंटेंट तैयार करना होगा।
युवाओं और डिजिटल क्रिएटर्स के लिए नया मौका
Social Media Policy 2026: सरकार की इस पहल से बिहार में सोशल मीडिया के जरिए सरकारी योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय स्थानीय क्रिएटर्स को अपनी प्रतिभा के साथ कमाई का अवसर भी मिल सकता है।




