राजधानी में ATM तोड़कर कैश निकालने की कोशिश, CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर इलाके में एक संदिग्ध युवक ने चोरी की नीयत से एटीएम बूथ में घुसकर कैमरे को ढक दिया और मशीन को तोड़कर कैश निकालने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान हवालदार राम रतन भुआर्या और आरक्षक सचिन राठौर की मुस्तैदी से बड़ी वारदात टल गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एटीएम के पैनल को नुकसान पहुंचाया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी चोरी टल गई। वारदात का सीसीटीवी फटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी की हरकतें साफ दिख रही हैं। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी समीर नेताम, 23 साल को गिरफ्तार किया और आरोपी से पूछताछ की गई।
Raipur News: सरस्वती नगर थाना पुलिस ने बताया कि, आरोपी पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है और मशीन को हुए नुकसान का आकलन बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर किया जाएगा। पुलिस ने इलाके के अन्य एटीएम बूथों की सुरक्षा बढ़ाने और रात में गश्त तेज करने के निर्देश दिए हैं।




