Central Regional Council Meeting: गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक शुरू, 4 राज्यों के CM समेत अधिकारी मौजूद
बस्तर। Central Regional Council Meeting: जगदलपुर में आज मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं उच्चस्तरीय बैठक शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस अहम बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए हैं। बस्तर में पहली बार इस स्तर की बैठक आयोजित होने से इसे ऐतिहासिक माना जा रहा है।
बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद हैं। इसके अलावा केंद्र और विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक व सुरक्षा अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए हैं।
वहीं आज की इस बैठक में आंतरिक सुरक्षा, अंतरराज्यीय समन्वय, नक्सल उन्मूलन, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, सड़क और संचार नेटवर्क विस्तार, कानून व्यवस्था और जनकल्याण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
Central Regional Council Meeting: केंद्र सरकार की इस पहल को बस्तर के बदलते स्वरूप से भी जोड़कर देखा जा रहा है। कभी नक्सल प्रभावित माने जाने वाले बस्तर में अब बड़े राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों और बैठकों का आयोजन हो रहा है, जिसे शांति और विकास की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।




