Shyam Bihari Jaiswal: मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा पर लगा विराम, स्वास्थ्य मंत्री ने बताया सच, सुनिए उन्होंने क्या कहा
रायपुर। Shyam Bihari Jaiswal: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के हालिया दिल्ली दौरे के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि इन अटकलों पर अब स्वयं स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है।
दिल्ली से लौटने के बाद मनेंद्रगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनके दौरे को लेकर बेवजह राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजधानी दिल्ली जाने का उद्देश्य केवल प्रदेश के विकास और विभागीय कार्यों से जुड़ी बैठकों में भाग लेना था, न कि किसी राजनीतिक बदलाव पर चर्चा करना।
जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि पहले वह और उपमुख्यमंत्री दिल्ली गए, उसके बाद मुख्यमंत्री भी वहां पहुंचे। क्या इसे कैबिनेट में संभावित फेरबदल से जोड़कर देखा जाए? इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “अब तो हाल यह है कि कोई इलाज कराने भी दिल्ली चला जाए, तब भी लोग कहने लगते हैं कि मंत्रिमंडल में कुछ बड़ा होने वाला है।”
Shyam Bihari Jaiswal: स्वास्थ्य मंत्री की इस टिप्पणी के बाद यह साफ संकेत देने की कोशिश की गई कि फिलहाल मंत्रिमंडल में किसी बड़े बदलाव को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक संकेत नहीं है। हालांकि राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर अभी भी जारी है, लेकिन सरकार की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।




