Nakti Village Controversy: नकटी गांव को लेकर सियासत तेज…कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखा पत्र
रायपुर। Nakti Village Controversy: राजधानी रायपुर के माना स्थित नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी गांव की बजाय नवा रायपुर में विधायक कॉलोनी निर्माण कराने की मांग की है।
अपने पत्र में विधायक जनक राम ध्रुव ने कहा कि, नकटी गांव में वर्षों से सैकड़ों परिवार निवास कर रहे हैं। ऐसे में विधायक कॉलोनी के लिए ग्रामीणों को उनके घरों से बेदखल करना उचित नहीं होगा। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस परियोजना से नकटी गांव को बाहर रखा जाए और लोगों के आशियाने को सुरक्षित रखा जाए।
कांग्रेस विधायक ने सुझाव दिया कि नवा रायपुर में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, इसलिए विधायक कॉलोनी का निर्माण वहीं कराया जा सकता है। उनका कहना है कि इससे विकास कार्य भी प्रभावित नहीं होगा और ग्रामीणों को विस्थापन का सामना भी नहीं करना पड़ेगा। जनक राम ध्रुव ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और प्रभावित परिवारों के हितों को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसा समाधान निकालना चाहिए जिससे विकास और जनहित दोनों के बीच संतुलन बना रहे।
Nakti Village Controversy: इधर, विधायक कॉलोनी निर्माण और नकटी गांव में चल रही बेदखली कार्रवाई को लेकर कांग्रेस लगातार राज्य सरकार पर हमला बोल रही है। पार्टी का आरोप है कि सरकार लोगों की भावनाओं और उनके वर्षों पुराने निवास की अनदेखी कर रही है। वहीं, राज्य सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि संबंधित भूमि सरकारी प्रयोजन के लिए आरक्षित है और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।




