
पटना : बिहार सरकार ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। राज्य के विभिन्न विभागों में बदलाव और अतिरिक्त प्रभार देकर नए सिरे से जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

एस सिद्धार्थ (1991 बैच), जो अब तक कैबिनेट सचिवालय और शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) के पद पर कार्यरत थे, को राज्य का विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। यह पद राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
वहीं, हरजोत कौर बमराह (1992 बैच) को राज्य सरकार ने राजस्व बोर्ड की अध्यक्ष-सह-सदस्य नियुक्त किया है।
इसी तरह, अरविंद कुमार चौधरी (1995 बैच), जो वर्तमान में गृह विभाग के एसीएस हैं, उन्हें अब कैबिनेट सचिवालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
बी राजेंद्र (1995 बैच), जो सामान्य प्रशासन विभाग में एसीएस हैं, उन्हें शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
साथ ही, आनंद किशोर (1996 बैच), जो वित्त विभाग के प्रधान सचिव हैं, उन्हें अब पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग (DEFCC) का भी अतिरिक्त प्रभार संभालना होगा।




