मामूली बात पर हुई बहस, गुस्से में पति ने गर्भवती पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी, छत से कूद हुआ फरार
जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के गांधी आश्रम गांव में गुरुवार को पति ने अपनी गर्भवती पत्नी सरिता देवी (25 वर्ष) की गला रेतकर हत्या कर दी और छत से कूदकर फरार हो गया. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी शुभम कुमार की तलाश में छापेमारी जारी है.
गिद्धौर (जमुई): जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने एक भयानक रूप ले लिया। गांधी आश्रम गांव में एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सरिता देवी (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
यह दिल दहला देने वाली घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे की है। मृतका के ससुर मानो रावत और सास ने बताया कि पति शुभम कुमार और पत्नी सरिता देवी के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। बुधवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसी दौरान शुभम ने सरिता को कमरे में बंद कर दिया और धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।
आरोपियों के माता-पिता के अनुसार, जब तक वे कुछ समझ पाते, आरोपी शुभम कुमार घर की छत से कूदकर फरार हो गया। मृतका के भाई सागर कुमार ने बताया कि उनकी बहन सरिता देवी का विवाह शुभम कुमार से साल 2022 में हुआ था। उनका एक साल का एक बेटा भी है। पिछले कुछ महीनों से शुभम लगातार सरिता के साथ मारपीट करता था।
पुलिस जांच में जुटी:
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और परिजनों से पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पति द्वारा पत्नी की हत्या का मामला लगता है। पुलिस फरार आरोपी शुभम कुमार की तलाश में जुटी हुई है और इस मामले से जुड़े सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।




