पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे चैतन्य बघेल से मिलने जेल पहुंचे पंजाब कांग्रेस सांसद अमरेंद्र सिंह बरार, कवासी लखमा से भी की मुलाकात
हिमांशु पटेल/ रायपुर। CG Liquor Scam: रायपुर की सेंट्रल जेल में आज पूरे दिन राजनीतिक हलचल तेज रही। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से मुलाकात करने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अमरेंद्र सिंह बरार रायपुर पहुंचे। उनके साथ एआईसीसी सचिव और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने जेल परिसर में चैतन्य बघेल के साथ-साथ पूर्व मंत्री कवासी लखमा से भी मुलाकात की।
जेल में की गई इस भेंट के बाद विकास उपाध्याय ने मीडिया से बातचीत में बताया कि, यह एक सौजन्य मुलाकात थी, जिसमें लुधियाना के सांसद अमरेंद्र सिंह बरार विशेष रूप से आए थे। उन्होंने कहा कि, पार्टी अपने सभी साथियों के साथ खड़ी है और हाल-चाल जानने का यह दौरा उसी का हिस्सा है।
वहीं कवासी लखमा की सेहत को लेकर विकास उपाध्याय ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, लखमा की तबियत ठीक नहीं है और उन्हें बेहतर इलाज की ज़रूरत है। पार्टी इस मामले में हर जरूरी कदम उठाने पर विचार कर रही है।
CG Liquor Scam: बता दें कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के मामले में चैतन्य बघेल और कांग्रेस विधायक कवासी लखमा लंबे समय से जेल में बंद हैं और इसी मामले को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गर्माहट लगातार बनी हुई है।




