Raipur News: छत्तीसगढ़ योग आयोग को मिला नया नेतृत्व, संजय अग्रवाल बने अध्यक्ष

रायपुर। Raipur News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य योग आयोग के अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति करते हुए भाजपा नेता संजय अग्रवाल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था। 26 मई 2026 को उनके निधन के पश्चात आयोग के अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। अब राज्य सरकार ने बिलासपुर निवासी और भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय अग्रवाल को इस पद की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है।
संजय अग्रवाल लंबे समय से सामाजिक, संगठनात्मक और जनहित के कार्यों से जुड़े रहे हैं। पार्टी और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए सरकार ने उन पर भरोसा जताते हुए योग आयोग की कमान सौंपी है।
योग आयोग राज्य में योग के प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता कार्यक्रमों, प्रशिक्षण शिविरों तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है। ऐसे में नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद आयोग की गतिविधियों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
Raipur News: सरकार के इस फैसले के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। वहीं स्वास्थ्य एवं योग से जुड़े क्षेत्र के लोगों ने भी नई नियुक्ति का स्वागत किया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के साथ ही संजय अग्रवाल की नियुक्ति प्रभावी हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में राज्य में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोग नई योजनाओं और कार्यक्रमों को अमल में ला सकता है।





