Patna Protest: BPSC TRE-4 को लेकर पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र, बैरिकेडिंग तोड़ी, वॉटर कैनन और लाठीचार्ज के बीच कई घायल
पटना। Patna Protest: BPSC TRE-4 की परीक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर बिहार की राजधानी पटना में छात्रों का आंदोलन मंगलवार को काफी उग्र हो गया। PT के बाद मेन परीक्षा, नेगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग को लेकर गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। प्रदर्शनकारी छात्रों को रोकने के लिए पुलिस के साथ CRPF के जवानों की भी तैनाती की गई थी। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने कई जगह बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की और डाकबंगला तक पहुंच गए।
पुलिस और छात्रों के बीच हुई धक्का-मुक्की
जेपी गोलंबर के पास पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछार के बीच प्रदर्शन कर रहे छात्रों का अलग अंदाज भी देखने को मिला। कुछ छात्र वाटर कैनन की बौछार के दौरान शैंपू लगाकर नहाते नजर आए।
प्रदर्शन में छात्र और पुलिसकर्मी घायल
हंगामे के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है, जबकि एक छात्रा के बेहोश होने की बात कही गई। वहीं, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों की ओर से पुलिस पर पत्थर फेंके जाने का भी आरोप है। पत्थरबाजी में टाउन DSP कामाख्या नारायण सिंह के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में भी लिया है। हालात पर नियंत्रण के लिए मौके पर बख्तरबंद वाहन भी बुलाया गया।
18 अगस्त से जारी है छात्रों का धरना
BPSC TRE-4 से जुड़ी मांगों को लेकर छात्र 18 अगस्त से गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव के साथ नेगेटिव मार्किंग खत्म करना और 100 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करना शामिल है। छात्र संगठनों का कहना है कि उनकी मांगों पर सरकार और आयोग को गंभीरता से विचार करना चाहिए। मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी गई है।
BPSC एग्जाम कंट्रोलर के बयान पर भी विवाद
Patna Protest: छात्रों के प्रदर्शन के बीच BPSC के एग्जाम कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह का एक बयान भी विवाद का कारण बना। सोमवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छात्रों के आंदोलन को लेकर दिए गए बयान पर प्रदर्शनकारी छात्रों ने नाराजगी जताई। बयान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद एग्जाम कंट्रोलर ने वीडियो जारी कर माफी मांग ली। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले का संज्ञान लेते हुए BPSC एग्जाम कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पटना में प्रदर्शन को लेकर तनावपूर्ण स्थिति के बीच प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और छात्रों की मांगों को लेकर आगे की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




