जेलों में अब होगा महामृत्युंजय और गायत्री मंत्र का जाप, जेल मंत्री ने दिया आदेश

उत्तर प्रदेश। प्रदेश के जेलों में अब से महामृत्युंजय और गायत्री मंत्र बजाए जाएंगे। जेलों में हर दिन 5 से 10 मिनट तक कैदियों के बीच गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय जाप किया जाएगा। जेल मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जेलों में महामृत्युंजय मंत्र और गायत्री मंत्र के उच्चारण का आदेश दिया है।
आदेश के बाद यूपी की जेलों में महामृत्युंजय मंत्र और गायत्री मंत्र का उच्चारण शुरू कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि महामृत्युंजय मंत्र और गायत्री मंत्र के उच्चारण से कैदियों को मानसिक शांति मिलेगी। साथ ही जेल प्रशासन से यह भी कहा गया है कि समय-समय पर जेल में संतों महंतों के प्रवचन भी कराए जाएंगे। इस पहल का लक्ष्य कैदियों में सकारात्मक सोच पैदा करना है ताकि जब वो जेल से रिहा हों तो एक अच्छे इंसान बनकर बाहर जाएं।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि जेल में बंद लोगों ने अपराध किया है। ऐसे में अगर जेल में गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया जाएगा तो कैदियों का पाप बोध कम होगा और उनके विचारों बदलाव आएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि संतों और महंतों के प्रवचन से लोगों के विचार बदलते हैं, लोगों में सद्भावना आती है। जेल में अगर संतो महंतों के प्रवचन होंगे तो जेल में बंद कैदियों की भावनाएं भी बदलेगी।




