Sex Racket Busted In MP: सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, रहवासी इलाके में चल रहा था जिस्मों का धंधा, 3 युवतियां समेत एजेंट गिरफ्तार
मुरैना। Sex Racket Busted In MP: नेशनल हाईवे-44 पर सैयद नहर के पास स्थित कान्हा पैलेस में कथित देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को छापेमारी की। नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया। मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ देह व्यापार से संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है।
सूचना के बाद पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा को कान्हा पैलेस में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। बताया गया कि पैलेस प्रबंधन की कथित सहमति से युवतियों को ग्राहकों की मांग के अनुसार वहां बुलाया जाता था और इसके बदले पैसे लिए जाते थे। सूचना मिलने के बाद एसपी ने सीएसपी दीपाली चंदौरिया को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली, स्टेशन रोड और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे कान्हा पैलेस पहुंची।
तीन युवतियां और एजेंट पकड़े गए
पुलिस टीम ने परिसर में दबिश देकर तीन युवतियों के साथ कथित एजेंट सोनू राठौर, निवासी इस्लामपुरा, को पकड़ा। पुलिस सभी को पूछताछ के लिए महिला थाने लेकर पहुंची। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से निकलने में कामयाब हो गए। पुलिस के अनुसार, फरार बताए जा रहे लोगों की पहचान और पते की जानकारी जुटा ली गई है। उन्हें भी दर्ज मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ देह व्यापार से जुड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस होटल में कथित गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
Sex Racket Busted In MP: पुलिस के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले मुड़ियाखेड़ा बाइपास स्थित एक अन्य पैलेस में भी कार्रवाई की गई थी। उस मामले में एक युवती को पुलिस थाने लेकर आई थी और पांच लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस को नेशनल हाईवे क्षेत्र में संचालित होटलों में भी संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिलने की बात सामने आई थी। वर्तमान कार्रवाई स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद किए जाने की जानकारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।




