Fake Marriage Party: फेक मैरिज पार्टी पर मचा बवाल, 499 रुपए में ‘शादी जैसा अनुभव’, सोशल मीडिया में जमकर हो रहा था प्रचार
भिलाई। Fake Marriage Party: दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी रिसोर्ट में आयोजित होने जा रही “फेक मैरिज पार्टी” को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। 30 मई को होने वाले इस इवेंट का सोशल मीडिया में जोर-शोर से प्रचार किया गया था, लेकिन हिंदू संगठनों के विरोध के बाद मामला गरमा गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
Read More: IFS Officer Arun Pandey: छत्तीसगढ़ के नए PCCF नियुक्त किए गए अरूण पांडे, व्ही. श्रीनिवासन राव की लेंगे जगह, आदेश जारी
जानकारी के मुताबिक, युवाओं को आकर्षित करने के लिए “फेक मैरिज” थीम पर पार्टी आयोजित की जा रही थी। इवेंट में कपल एंट्री फीस 499 रुपए तय की गई थी। प्रचार सामग्री में युवक-युवतियों से दूल्हा-दुल्हन की तरह तैयार होकर आने की अपील की गई थी। रिसोर्ट में शादी जैसा माहौल और सजावट तैयार की जानी थी, ताकि लोगों को वास्तविक विवाह समारोह जैसा अनुभव मिल सके।
इस आयोजन की जानकारी मिलते ही हिंदू युवा मंच समेत कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता रिसोर्ट पहुंच गए। उन्होंने इसे हिंदू विवाह परंपरा और संस्कारों का मजाक बताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए रिसोर्ट मैनेजर ब्रह्मदत्त पांडे के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। बढ़ते विवाद के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने फिलहाल इवेंट स्थगित करने का फैसला लिया है।
Read More: Rupnarayan Sinha: सीएम साय ने दी छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा को श्रद्धांजलि, कहा- स्मरणीय रहेगा उनका समर्पण
Fake Marriage Party: मामले में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि कोसी रिसोर्ट में “फेक मैरिज पार्टी” नाम से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों ने विरोध दर्ज कराया। पूछताछ के दौरान रिसोर्ट प्रबंधन ने स्वीकार किया कि आयोजन भारतीय परंपराओं और सामाजिक भावनाओं के अनुरूप नहीं था। फिलहाल मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों से सामाजिक और धार्मिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आयोजन करने की अपील की गई है।





