Navya Malik Arrested: हाईप्रोफाइल ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश, गिरफ्तार हुई नव्या मलिक, प्राइवेट इवेंट्स को बनाती थी निशाना
रायपुर। Navya Malik Arrested: राजधानी के हाईप्रोफाइल ड्रग्स रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए फरार आरोपी नव्या मलिक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि, नव्या मलिक लंबे समय से मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े शहरों से ड्रग्स लाकर रायपुर के रसूखदार परिवारों और हाईप्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई किया करती थी और शहर के कई बड़े कारोबारी और प्रभावशाली लोगों के संपर्क में रहती थी। क्लब्स, आफ्टर पार्टीज और प्राइवेट इवेंट्स को वह खासतौर पर निशाना बनाती थी।
बता दें कि, नव्या अपने रिच लाइफस्टाइल, महंगे कपड़ों और हाईफाई सोसाइटी की पार्टियों में शामिल होकर ग्राहकों को जोड़ती थी। इसी तरह उसने एक बड़ा ड्रग्स सिंडिकेट खड़ा कर लिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि, नव्या मलिक हाल ही में गिरफ्तार ड्रग्स पैडलर हर्ष आहूजा की करीबी मित्र थी और दोनों मिलकर इस रैकेट को संचालित कर रहे थे। हर्ष की गिरफ्तारी के बाद ही नव्या का नाम सामने आया था उसके बाद से ही वह फरार हो गई थी। जिसे लगातार पुलिस की टीम तलाश कर रही थी।
वहीं रायपुर में छापेमारी के बाद भी हाथ खाली रहने पर पुलिस ने तकनीकी और गोपनीय तरीके से उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया और मुंबई से नव्या को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस अधिकारी उससे लगातार पूछताछ कर रहे हैं। उसका मोबाइल तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है ताकि डिलीट डेटा से और बड़े नामों का खुलासा हो सके। अनुमान है कि, कई हाईप्रोफाइल चेहरे कानून के शिकंजे में आ सकते हैं।
Navya Malik Arrested: रायपुर रेंज पुलिस के ऑपरेशन निश्चय के तहत अब तक 2 करोड़ रुपए से अधिक के ड्रग्स जब्त किए जा चुके हैं और पिंदर, गज्जू, हर्ष आहूजा, नव्या मलिक और दिव्या जैन जैसे तस्कर जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस का दावा है कि, इन गिरफ्तारियों से राजधानी में ड्रग्स सप्लाई की बड़ी चैन टूट चुकी है।




