Delhi Karol Bagh Accident: करोल बाग में बड़ा हादसा…अचानक भरभरा कर गिरा इमारत का हिस्सा, हादसे में एक की मौत, एक घायल
नई दिल्ली। Delhi Karol Bagh Accident: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार दोपहर एक पुरानी इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। घटना प्यारे लाल रोड स्थित ज्वेलर्स की एक दुकान के पास हुई, जहां इमारत में मरम्मत और तोड़फोड़ का काम चल रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। अचानक इमारत का हिस्सा गिरने से वहां मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों और राहत टीमों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। मलबे से निकाले गए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इनमें से एक व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और दमकल टीम
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे की जांच और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए भी तलाशी अभियान चलाया कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति मलबे के नीचे फंसा तो नहीं है। दिल्ली फायर सर्विस के डिवीजनल ऑफिसर गोपाल मीना के मुताबिक, विभाग को प्यारे लाल रोड पर इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों की मदद से कुछ घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा जा चुका था।
पुरानी इमारत में चल रहा था काम
Delhi Karol Bagh Accident: प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस इमारत का हिस्सा गिरा वह काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। बताया जा रहा है कि वहां मरम्मत के साथ-साथ डेमोलिशन का काम भी चल रहा था। इसी दौरान अचानक इमारत का हिस्सा ढह गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इमारत में निर्माण या तोड़फोड़ का काम किन परिस्थितियों में किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।



