Independence Day: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू, मुख्य सचिव ने ली उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, परेड, ट्रैफिक समेत बैठक व्यवस्था के लिए जिम्मेदारियां तय
रायपुर। Independence Day: छत्तीसगढ़ में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य स्तरीय कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए मुख्य सचिव ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में समारोह की सुरक्षा, यातायात, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त की सुबह 9 बजे राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए परेड, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंप दी गई है। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से तैयारियां करेंगे, ताकि देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का उत्साह और गरिमा बढ़ाई जा सके।
राज्य सरकार ने यह भी तय किया है कि जिला और तहसील स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही सभी जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा, जिससे पूरे प्रदेश में एक समान व्यवस्था के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें।
Independence Day: इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सरकार के निर्देशानुसार 7 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले सभी शासकीय कार्यक्रमों की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से की जाएगी। इसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को और प्रबल करना तथा स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है। राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारी पूरी करने और समारोह को गरिमामय एवं सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।



