टिकट को लेकर इंडोर स्टेडियम में उमड़ी क्रिकेट प्रेमियों की भीड़, युवाओं में खास उत्साह, देखिए माहौल
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur IND-NZ Match Ticket: रायपुर में 23 जनवरी को होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैच की टिकटों की बिक्री शुरू होते ही रायपुर के इंडोर स्टेडियम में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही क्रिकेट प्रेमी और खासतौर पर छात्र बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंच रहे हैं।
क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा ऑनलाइन टिकटों की बिक्री पहले ही शुरू कर दी गई है, वहीं ऑनलाइन टिकट खरीदने वाले दर्शकों के लिए फिजिकल टिकट लेने हेतु इंडोर स्टेडियम में अलग से काउंटर बनाया गया है। गुरुवार शाम पहले चरण की टिकट बिक्री में करीब 12 हजार टिकट मात्र आधे घंटे में बिक गईं, जिससे मैच को लेकर फैंस की दीवानगी साफ नजर आई।
स्टूडेंट्स के लिए विशेष टिकट व्यवस्था की गई है। आज सुबह 10 बजे से स्टूडेंट टिकट की बिक्री शुरू की गई है, जिसमें छात्रों को 800 रुपये में टिकट उपलब्ध कराई जा रही है। नियम के तहत एक स्टूडेंट को केवल एक ही टिकट दी जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्रों को मैच देखने का मौका मिल सके।
Raipur IND-NZ Match Ticket: इंडोर स्टेडियम परिसर में सुबह से ही छात्रों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। युवा फैंस हाथों में पहचान पत्र लेकर टिकट काउंटर पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, व्यवस्था सुचारू रखने के लिए सुरक्षा और प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भारत–न्यूजीलैंड मुकाबले को लेकर रायपुर में क्रिकेट का माहौल पूरी तरह बन चुका है।




