Raipur Gangrape: राजधानी में गैंगरेप की घिनौनी वारदात, नौकरी की तलाश में आई युवती को शराब पिलाकर लूटी आबरू
रायपुर। Raipur Gangrape: राजधानी रायपुर में 23 वर्षीय महिला से कथित गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि तीन युवकों ने महिला को पहले सरोना शराब भट्ठी के पास शराब पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे बहला-फुसलाकर बाइक से आमापारा स्थित आरडी तिवारी सरकारी स्कूल के मैदान में ले गए। यहां भी महिला को शराब पिलाने और खाना खिलाने के बाद उसके साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है।
रविवार सुबह स्कूल के चौकीदार ने महिला को मैदान में बेहोशी की हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। आजाद चौक थाना पुलिस ने महिला को एम्स अस्पताल पहुंचाया। होश में आने के बाद महिला ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने सरोना से आमापारा तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान कर तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनमें रायपुर निवासी शिवा, आयुष दुर्गा और एक नाबालिग शामिल है।
Raipur Gangrape: बताया गया कि, पीड़िता मूल रूप से बिलासपुर की रहने वाली है और काम की तलाश में रायपुर आई थी। घटना के बाद आजाद चौक पुलिस ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर मामला डीडी नगर थाना पुलिस को सौंप दिया है। लेकिन सवाल अब भी बड़ा है शराब दुकानों के आसपास रात में पुलिस पेट्रोलिंग कितनी प्रभावी है? संवेदनशील इलाकों की निगरानी कैसे हो रही है? और अगर सरकारी स्कूल का मैदान भी रात में अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन जाए, तो आम नागरिक की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन तय करेगा? इस घटना ने राजधानी की नाइट पेट्रोलिंग और महिला सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर समीक्षा की जरूरत सामने ला दी है।




