Bilaspur Rape News: न्यायधानी में दुष्कर्म की घिनौनी वारदात, साइकिल सिखाने के बहाने आरोपी ने नाबालिग से मिटाई हवस और फिर…
बिलासपुर। Bilaspur Rape News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक बच्ची को साइकिल चलाना सिखाने का झांसा देकर अपने साथ जंगल की ओर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना सीपत थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार सुबह की है। बच्ची अपने घर के आसपास खेल रही थी। इसी दौरान नीरतू गांव निवासी दीपक पटेल (30) वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने बच्ची को साइकिल सिखाने की बात कहकर अपने साथ ले गया और उसे जंगल की ओर ले गया।
काफी देर तक घर नहीं लौटी बच्ची
दोपहर तक जब बच्ची वापस घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के इलाके में बच्ची की तलाश शुरू की और लोगों से उसके बारे में पूछताछ की। तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि बच्ची को एक युवक के साथ जाते हुए देखा गया था। इसके बाद परिजन उसकी तलाश करते हुए जंगल की तरफ पहुंचे। वहां उन्हें आरोपी युवक मिल गया, जिसके साथ बच्ची भी थी।
परिजनों ने पुलिस को दी सूचना
परिजनों ने बच्ची को अपने साथ लिया और उससे पूछताछ की। बच्ची ने परिजनों को बताया कि युवक उसे साइकिल सिखाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसके साथ गलत हरकत की गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
Bilaspur Rape News: बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजे जाने की जानकारी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। बच्ची को आवश्यक चिकित्सकीय एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी नियमानुसार की जा रही है। इस गंभीर मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




