Accident News : ट्रक ने दो बहनों को कुचला, दोनों की मौत; दादा घायल

उत्तर प्रदेश। झांसी में बेकाबू ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार दो बहनें सड़क पर गिर गईं। जिसके बाद ट्रक दोनों को कुचलता हुआ भाग गया। हादसे में दोनों बहनों की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे बच्चियों के दादा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार उन्नाव बालाजी के परासरी गांव निवासी काशीराम विश्वकर्मा की रिश्तेदारी पिछोर में है। यहां एक महिला की मौत हो गई थी। शुक्रवार को तेरहवीं थी। काशीराम अपने बड़े बेटे गजेंद्र की दो बेटियों सोनाक्षी (12) और परी (10) को लेकर तेरहवीं में पिछोर गए थे। वापसी के दौरान रात 9 बजे वे मैरी गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बहनें सड़क पर गिरी। ट्रक उनको कुचलते हुए भाग निकला।
काशीराम के साथ तेरहवीं में उसका भतीजा राजू और अन्य परिजन भी गए थे। वे दूसरी बाइक से पीछे से आ रहे थे। हादसे के बाद काशीराम ने राजू को फोन कर हादसे की सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तुरंत तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां पर परी और सोनाक्षी को मृत घोषित कर दिया गया। काशीराम को भी सिर और हाथ, पैर में गंभीर चोट है। उनको भर्ती करवाया गया है।



