Durg Chakubaji: दुर्ग में चाकूबाजी की बड़ी वारदात, दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट, 3 गंभीर रूप से घायल
दुर्ग। Durg Chakubaji: दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। घासीदास नगर में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और चाकूबाजी की घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, दो दिन पहले आरोपी पक्ष ने साहू परिवार की स्कूटी में आग लगा दी थी। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी पक्ष ने पुरानी रंजिश के चलते फिर से विवाद शुरू कर दिया।
पीड़ित महिला ने बताया कि, शाम के समय उनके परिवार के साथ मारपीट की गई थी। इसकी शिकायत लेकर वे जामुल थाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद रात करीब 8 बजे आरोपी पक्ष अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचा और परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू से वार करते हुए कई लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
Durg Chakubaji: पीड़ित महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी बेटी आरती साहू, जो तीन माह की गर्भवती है, उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने उसके पेट में लात मारी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार का कहना है कि अंशु साहू, दीनू साहू और उनके परिजनों ने मिलकर उसके बेटे, दामाद और अन्य परिजनों के साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपों की सत्यता और घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




