Raipur News: बदमाशों के हौसले बुलंद, DCP ऑफिस के पास चाकू की नोक पर लूट, पुलिस को दे रहे खुली चुनौती
हिमांशु पटेल/रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोटा स्थित वेस्ट डीसीपी ऑफिस के पास चाकू की नोक पर एक युवक से लूट की घटना हुई है। हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस अफसरों के दफ्तर से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक उज्ज्वल मंडल, जो पंडरी का निवासी बताया जा रहा है, भिलाई जाने के लिए निकला था। इसी दौरान रात करीब 9 बजे कोटा इलाके में सुयश हॉस्पिटल के बाजू स्थित पेट्रोल पंप के पास पांच युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने युवक को चाकू दिखाकर डराया और उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया।
घटना जिस स्थान पर हुई, वह कोटा वेस्ट डीसीपी ऑफिस के बेहद करीब का इलाका बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारत माता चौक से लेकर कोटा जाने वाली सड़क पर शाम ढलते ही सन्नाटा पसर जाता है, जिसका फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं।
Raipur News: सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजधानी में कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बावजूद बदमाश इतने बेखौफ कैसे हैं कि पुलिस अधिकारियों के दफ्तर के पास ही लूट जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल मामले में पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश जारी है।




