रेलवे स्टेशन में युवक से लूट, बदमाशों ने सिर में चाकू मारकर किया घायल, 8 हजार नगदी और मोबाइल लेकर हुए फरार

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर में आज बदमाशों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक नागपुर जाने के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया और पहले मारपीट की, फिर चाकू से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और वह लहूलुहान हालत में प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा।
लुटेरे युवक से करीब 8 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित युवक की पहचान गजालुद्दीन के रूप में हुई है, जो नहरपारा रायपुर का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
Raipur News: हैरानी की बात यह है कि घटना को कई घंटे बीत जाने के बावजूद जीआरपी थाना द्वारा अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वहीं, अज्ञात लुटेरों की तलाश जारी है। यह पूरा मामला जीआरपी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।




